पटना। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय मेहता ने बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी से उनके सरकारी आवास पंच नंबर, देशरत्न मार्ग पर आत्मीय मुलाकात की। मेहता ने गृह विभाग की जिम्मेदारी दोबारा संभालने पर उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ की प्रतिकृति भेंट की।

 

मुलाकात के दौरान औरंगाबाद सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। मेहता ने कहा कि औरंगाबाद जिला झारखंड की सीमा से जुड़ा क्षेत्र है, इसलिए यहाँ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सीमा के आसपास अवैध खनन और अवैध परिवहन पर लगाम लगाने के लिए सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने की आवश्यकता भी बताई।

 

मेहता ने दाउदनगर अनुमंडल में अतिरिक्त थाना या नई पुलिस चौकी स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने महिला हेल्पडेस्क और साइबर सेल को सुदृढ़ करने, रात्री गश्ती में वृद्धि, प्रमुख मार्गों पर त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था (Quick Response System) विकसित करने तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े संसाधनों में बढ़ोतरी की मांग रखी।

 

इसके अलावा, उन्होंने दाउदनगर बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के विस्तार, मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक में सुधार, दुर्घटना रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी और युवाओं में बढ़ते नशा–प्रवृत्ति को रोकने हेतु बड़े स्तर पर नशा–विरोधी अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

 

मेहता ने गृह मंत्री से क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक सूचना के लिए एक टोल-फ्री नंबर जारी करने का अनुरोध भी किया, ताकि आम नागरिक सीधे गृह विभाग तक जानकारी पहुँचा सकें। इससे पुलिस एवं प्रशासन को त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।

 

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। मुलाकात के दौरान यह विश्वास व्यक्त किया गया कि संयुक्त प्रयासों से सीमावर्ती क्षेत्रों और दाउदनगर अनुमंडल में सुरक्षा एवं व्यवस्था में सार्थक सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed