बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य संस्थान (पीएचआई) में शनिवार को मेगा स्वास्थ्य रोजगार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्वी भारत के प्रतिष्ठित नेत्र अस्पताल अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की टीम ने संस्थान के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार लिया। इस नियोजन शिविर का उद्देश्य संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें बड़े अस्पतालों तथा स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ना था। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लोक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक डॉ. (प्रो.) सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि संस्थान लगातार अपने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत है और इसी कड़ी में कैंपस सलेक्शन के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों को आमंत्रित किया जाता है ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी करते ही रोजगार का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग लगातार बढ़ रही है और पीएचआई के विद्यार्थी अपनी गुणवत्ता और प्रशिक्षण के कारण देश के विभिन्न अस्पतालों में बेहतर सेवा दे रहे हैं। वहीं कैंपस सलेक्शन के नोडल ऑफिसर डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इस शिविर में संस्थान के ऑप्टोमेट्री, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और लैब टेक्नोलॉजी के बैचलर कोर्स के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की टीम के सामने साक्षात्कार दिया। उन्होंने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि कैंपस सलेक्शन के माध्यम से उन्हें सीधे बड़े अस्पतालों में नौकरी पाने का मौका मिलता है। इस अवसर पर अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विवेक विकास ने बताया कि लोक स्वास्थ्य संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशिक्षित विद्यार्थियों और संस्थान के बेहतर प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए यह विशेष नियोजन शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में जिन छात्र-छात्राओं का प्रारंभिक चयन किया जाएगा, उन्हें आगे अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और उसके बाद उन्हें संस्थान में रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की 20 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाती एक सफरनामा डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें अस्पताल की उपलब्धियों, सेवाओं और विस्तार की जानकारी दी गई। इसके बाद अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की एकेडमिक एवं विजन सेंटर की वरीय प्रबंधक छाया कुमारी ने ऑप्टोमेट्रिस्ट के कार्य, जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य क्षेत्र में इसकी बढ़ती भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिससे छात्र-छात्राओं को अपने करियर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इस मौके पर डॉ. गायत्री सुनील, डॉ. सीमा सहाय, डॉ. रश्मि जायसवाल, डॉ. राजेश रंजन, डॉ. ऋचा, डॉ. आरती, डॉ. भूपेंद्र नारायण सहित रानी, स्वाती, अमीषा, पंकज कुमार और रौशन मंडल समेत संस्थान के कई शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया और उन्होंने इसे अपने करियर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। संस्थान के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के नियोजन शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर मिलते रहेंगे और स्वास्थ्य क्षेत्र को प्रशिक्षित मानव संसाधन प्राप्त होता रहेगा
